जोधपुर | जोधपुर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (जेडीबीए) की ओर से आयोजित 2 लाख रुपए की प्राइज मनी वाली जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026-27 का समापन 30 जून को उम्मेद क्लब में होगा। समापन समारोह के साथ सभी वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। केंद्रीय सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व ऑयल इंडिया के अधिकारी मधुराज्य बरुआ के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-11 से अंडर-19 और ओपन वर्ग के मुकाबले हो रहे हैं। अंडर-13 बॉयज डबल्स का फाइनल तनय-नक्श और मोहित-विहान के बीच होगा। अंडर-19 बॉयज सिंगल्स में यश सोनी सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं, जबकि महिला एकल में ओजस्वी और ऐश्वर्या अंतिम चार में जगह बना चुकी हैं। कपिल पटवा एवं अजय व्यास ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल जेडीबीए के पंजीकृत खिलाड़ी ही भाग ले रहे हैं तथा विजेताओं का सम्मान समापन समारोह में किया जाएगा।