जयपुर के बगरू क्षेत्र में केमिकल से भरा एक टैंकर ओवर टेक कर रही थार के कारण बेकाबू होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि टैंकर में “एथेनॉल” केमिकल भरा हुआ था। हादसा बगरू के पास एनएच 48 पर होटल हाईवे किंग के सामने सोमवार दोपहर ढाई बजे हुआ। टैंकर में ड्राइवर और खलासी मौजूद थे। वहीं ब्लैक थार सवार चार लोग हादसे के बाद फरार हो गए। थार का नम्बर 25 BH 7906 B है। हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस, सिविल डिफेंस और रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हो गई। रिसाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास क्षेत्र को खाली कराने और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की। गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए हाईवे और आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है, ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके। पुलिस मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। थार सवार 4 लोग हुए फरार बगरु थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा ने बताया- हादसे के बाद करीब दो घंटे रेस्क्यू चला। टैंकर में ड्राइवर और खलासी मौजूद थे। थार में चार लोग सवार थे। मौके पर थार भी पलट गई थी। थार सवार लोग मौके से भाग छूटे। पुलिस थार के नंबरों के आधार पर हादसे में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। करीब ढाई घंटे तक मौके पर रेस्क्यू किया गया। गैस रिसाव से स्थिति संवेदनशील हादसे में अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गैस रिसाव की वजह से स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। हाल ही राजस्थान में केमिकल टैंकर से जुड़े कई हादसे हुए हैं, जिनमें प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन और तुरंत रेस्क्यू से बड़े नुकसान टाले हैं। फिलहाल सिविल डिफेंस की टीम गैस रिसाव को कंट्रोल करने और केमिकल की प्रकृति की जांच में जुटी है। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और अफवाहों से बचें।