अलवर के बहादुरपुर में पेयजल, सड़क और सफाई जैसे मुद्दों को लेकर सोमवार को युवाओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए अर्द्धसमाधि आंदोलन किया। युवाओं ने नगर पालिका और राज्य सरकार के खिलाफ बहादुरपुर स्टैंड पर जमकर नारेबाजी की। सोमवार सुबह 9 बजे प्रदर्शनकारी युवाओं ने गड्ढा खोदकर अपने चारों तरफ मिट्टी डलवाकर अर्द्धसमाधि लेकर विरोध जताया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मौके पर मिट्टी हटवाकर युवाओं को बाहर निकाला और चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 15 दिन में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शकारियों का आरोप था कि झाझोर वाला बोरवेल मार्च में तैयार होने के बावजूद आज तक चालू नहीं किया गया, जिससे क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। मेघवाल मोहल्ला, हनुमान बगीची और फकीर वाली गली में भी लंबे समय से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। पहले देखिए, प्रदर्शन से जुड़ी 3 PHOTO'S 15 महीने पहले खोदी गई सड़क का अभी तक नहीं हुआ निर्माण प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मुंडिया खेड़ा में पीडब्ल्यूडी ने करीब 15 महीने पहले सड़क खोद दी थी, लेकिन अब तक उसका निर्माण नहीं कराया गया। वहीं रामगढ़ रोड पर गहरे गड्ढों के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका को कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा पालिका के रिकॉर्ड में तीन कचरा संग्रहण वाहन होने के बावजूद नियमित सफाई नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है। आंदोलन में करीब 200 ग्रामीण और युवा शामिल हुए। जूली ने धूप में अर्द्धसमाधि में बैठे युवाओं को बाहर निकलवाया वहीं अर्द्धसमाधि आंदोलन की सूचना मिलने पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी बहादुरपुर पहुंच गए। जहां उन्होंने तेज धूप में अर्द्धसमाधि में बैठे युवाओं को बाहर निकलवाया, जिनमें से कुछ की तबीयत भी बिगड़ने लगी थी। अर्द्ध समाधि से युवाओं को बाहर निकालने के बाद जूली ने की जनसुनवाई हालांकि, अर्द्ध समाधि से युवाओं को बाहर निकालने के बाद में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली वहीं पर जनसुनवाई करने लग गए। जूली ने विधायक कोष से बहादुरपुर के लिए एक नए बोरवेल की घोषणा की और झाझोर वाले बोरवेल को तत्काल चालू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके से ही अधिकारियों से फोन पर बात कर 15 दिन के अंदर सभी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि तय समय में काम नहीं हुआ तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। अधिकारियों ने भी 15 दिन में समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। सरकार नहीं सर्कस चल रहा, जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बहादुरपुर ही नहीं, नगर पालिका क्षेत्र के लगभग सभी गांव मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार न तो पर्याप्त बजट दे रही है और न ही व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रही है। मनरेगा का भुगतान अटका हुआ है, लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्तें नहीं मिल रही है, कचरा संग्रहण व्यवस्था ठप है और पीने के पानी का संकट लगातार बना हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार नहीं, सर्कस चल रहा है। जनता की समस्याओं की ओर किसी का ध्यान नहीं है। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत, बहादुरपुर के नेता मोंटू शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।