बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जबकि कई जगह कट चुकी फसलें भी बारिश की भेंट चढ़ गईं। इस प्राकृतिक आपदा को लेकर पीसीसी सचिव संजय यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- इस आपदा ने किसानों की कमर तोड़ दी है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ गई है। संजय यादव ने सरकार से तुरंत गिरदावरी और पारदर्शी तरीके से सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने जोर दिया कि कोई भी किसान मुआवजे से वंचित न रहे और राहत पैकेज समयबद्ध तरीके से दिया जाए, क्योंकि देरी से मिला मुआवजा किसानों के लिए व्यर्थ है। इसके अलावा, यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंचायत, नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिकाओं के चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं। यादव के अनुसार, परिसीमन, वन स्टेट वन इलेक्शन, एसआईआर और ओबीसी आरक्षण रिपोर्ट जैसे मुद्दों के नाम पर चुनावों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया- वार्ड परिसीमन में गड़बड़ियां की गई हैं और चहेते लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए सीमाओं में बदलाव किया गया है। मतदाता सूची में नाम ट्रांसफर कराने में भी अनावश्यक बाधाएं डाली जा रही हैं, जिससे आम जनता परेशान हो रही है। संजय यादव ने बताया कि कांग्रेस पार्टी 'संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ' अभियान के तहत 15 अप्रैल तक हर ग्राम पंचायत और वार्ड में संगठन का विस्तार करेगी। इसके बाद 30 अप्रैल तक कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार के खिलाफ जन-जागरण अभियान चलाएगी।