बालोतरा में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। जिले में पहली बार तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। तेजी से बढ़ रहा तापमान सामान्यतः अप्रैल की शुरुआत से ही गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण तापमान में वृद्धि धीमी रही थी। अब अप्रैल के आखिरी सप्ताह में मौसम में बदलाव आया है और तापमान तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को बालोतरा जिले का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। मौसम विभाग ने लू की चेतावनी दी मौसम विभाग के अनुसार, थार के रेगिस्तानी क्षेत्र में साफ आसमान और गर्म हवाओं के कारण सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में लू चलने की आशंका भी जताई गई है। भीषण गर्मी और लू के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया है। गैर शिक्षण स्टाफ रहेगा मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम ने बताया-25 अप्रैल से अगले आदेश तक जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि, शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ को अपने पूर्व निर्धारित समय पर उपस्थित रहना होगा। लगातार बढ़ते तापमान का असर अब आम जनजीवन पर स्पष्ट दिख रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है और लोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसमें पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की अपील शामिल है।