बालोतरा जिला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए 51.86 क्विंटल अवैध डोडा पोस्त को नष्ट कर दिया है। यह कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि अभियान समिति की निगरानी में निर्धारित नियमों के अनुसार की गई। भौतिक सत्यापन के बाद की कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया- प्रक्रिया के तहत, पहले जब्त माल की इन्वेंट्री तैयार की गई और उसका भौतिक सत्यापन कराया गया। एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस के अनुसार, बालोतरा जिले के बालोतरा, सिवाना, गिड़ा, मंडली, कल्याणपुर और आरजीटी थाना क्षेत्रों के कुल 18 मामलों में यह मादक पदार्थ जब्त किया गया था। इसमें 5182.990 किलोग्राम (लगभग 51.83 क्विंटल) अवैध डोडा पोस्त और 35 ग्राम स्मैक शामिल थी। डीसीसी कमेटी की मौजूदगी में, यह पूरा मादक पदार्थ द्वितीय चरण औद्योगिक क्षेत्र बालोतरा में निर्धारित प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नष्ट किया गया। जिला पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।