बालोतरा जिले की समदड़ी पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है। वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध बजरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाना स्वीकार किया है। एसपी रमेश आईपीएस ने बताया- अवैध खनन के कारोबारियों पर शिकंजा कसने एवं अवैध खनन के सभी संदिग्ध ठिकानों को ध्वस्त कर अवैध खनन की रोकथाम के लिए स्पेशल अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी हरफूल सिंह डीएसपी देरावरसिंह के सुपरविजन में समदड़ी थानाधिकारी नरपतदान के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम को सूचना मिली कि सिलोर गांव में अवैध बजरी खनन किया जा रहा है। लूणी नदी के इलाके में एक जेसीबी मशीन की ओर से अवैध बजरी खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पर एक बिना नंबरी जेसीबी मशीन खड़ी मिली। वहां ड्राइवर को डिटेन कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मनीष खान पुत्र गाजी खान निवासी जसोड़ों की बेरी गिड़ा बताया। पूछताछ में लूणी नदी के बहाव इलाके में अवेध बजरी खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाना स्वीकार किया। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर पुलिस को देखकर बजरी नदी में खाली कर मौके से फरार हो गया। मौके पर आवश्यक जब्ती की कार्रवाई की गई। आरोपी मनीष खान को गिरफ्तार किया गया। इसी मामले में शामिल प्रेमसिह पुत्र बाबुसिह निवासी सिलोर को उसके निवास स्थान पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। प्रेमसिंह के खिलाफ 6 मामले है दर्ज आरोपी प्रेमसिंह के खिलाफ साल 2013 से लेकर अब तक 6 मामले समदड़ी और कल्याणपुर थाने में दर्ज है। जिसमें मारपीट, बीएनएस की अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज है।