​भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री राजेश कटारा बांसवाड़ा के छोटी सरवन पहुंचे। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। संगठन विस्तार के बाद पहली बार वे अपने क्षेत्र में पहुंचे थे। कटारा के साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी परमेश्वर मईडा भी थे। दोनों को छोटी सरवन के हनुमान मंदिर परिसर में अभिनंदन किया गया। ​इस दौरान जनजातीय परंपरा के अनुसार कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को तीर-कमान भेंट किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। ​संगठन की मजबूती और योजनाओं पर जोर ​प्रदेश महामंत्री राजेश कटारा ने कहा- संगठन ने जो भरोसा जताया है उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरूंगा। कार्यकर्ताओं से आह्वान है कि ​जनजातीय क्षेत्र में भाजपा के आधार को और अधिक मजबूत करें। ​केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा- ​आगामी पंचायती राज चुनाव के लिए अभी से कमर कस लें और गांव-गांव में सक्रिय भूमिका निभाएं। ​भाजपा नेताओं की रही मौजूदगी कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, पूर्व मंत्री धनसिंह रावत, पूर्व मंत्री दलीचंद मईडा, हकरु मईडा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं का उत्साह देख नेताओं ने इसे आगामी चुनावों के लिए सकारात्मक संकेत बताया।