​बांसवाड़ा के ग्रामीण इलाकों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने के लिए मंगलवार को 'ग्राम रथ अभियान' का शंखनाद हुआ। जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने सूचना केंद्र से इन विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर 5 विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया। जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। अधिकारी संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करें। अगले 15 दिनों तक यह रथ गांव-गांव घूमकर न केवल योजनाओं की जानकारी देंगे, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी करेंगे। ​जिले की सभी 549 ग्राम पंचायतों को कवर करने के लिए प्रशासन ने रूट चार्ट तैयार किया है। इन रथों की खासियत यह है कि इनके साथ कला जत्था के कलाकार भी रहेंगे, जो लोक माध्यमों से लोगों को जागरूक करेंगे। ऐसे करेंगे प्रचार कार्यक्रम के दौरान एडीएम राजीव द्विवेदी, सीईओ गोपाल लाल स्वर्णकार, एसीईओ कैलाश बरोलिया, एसडीएम सोनू कुमारी सहित कृषि, पशुपालन, शिक्षा और आईटी विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही उन्नत कृषक रणछोड़ पाटीदार और कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।