बांसवाड़ा में लोहारिया थाना पुलिस और जिला विशेष शाखा (DST) की संयुक्त टीम ने ओजरिया गांव में कार्रवाई की। पुलिस ने छापेमारी कर 125 लीटर तैयार महुआ शराब जब्त की। साथ ही 33 ड्रमों में भरा करीब 10 हजार लीटर महुआ वॉश और शराब बनाने में इस्तेमाल हो रही 8 भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मकान के पीछे चल रहा था अवैध शराब बनाने का काम पुलिस के अनुसार, ओजरिया गांव में अवैध महुआ शराब बनाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद लोहारिया थानाधिकारी जयपाल सिंह और जिला विशेष शाखा (DST) प्रभारी भंवरलाल के नेतृत्व में टीम ने ओजरिया निवासी सुभाष पुत्र मोहन सोलंकी के मकान के पीछे दबिश दी। यहां बड़े पैमाने पर कच्ची महुआ शराब तैयार की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 बड़े डेगचे और 7 पीतल के घड़े भी जब्त किए। कार्रवाई के बाद पुलिस ने लोहारिया थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब के इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा शराब की सप्लाई कहां की जा रही थी। संयुक्त टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम इस कार्रवाई में लोहारिया थानाधिकारी जयपाल सिंह, डीएसटी प्रभारी भंवरलाल, एएसआई सुरेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल पृथ्वीपाल सिंह, मोहनलाल, मानसिंह, हरीशचन्द्र, रमेशचन्द्र, बदामीलाल तथा कांस्टेबल रमेशचन्द, तरुण जोशी, महेश और श्रवण शामिल रहे।