बांसवाड़ा में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख 60 हजार रुपए मूल्य की अवैध शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेरो गाड़ी और एस्कॉर्ट कर रही R15 स्पोर्ट्स बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। ​नाकाबंदी के दौरान पकड़ा एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन और एएसपी नरपत सिंह के सुपरविजन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सुदर्शन चक्र' के तहत सलोपाट थानाधिकारी जयेश पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी की थी। पुलिस टीम ने बिना नंबरी बाइक को रोककर पूछताछ की, तो संदेह हुआ। इसी दौरान बाइक के पीछे आ रही एक बोलेरो गाड़ी को भी रुकवाया गया। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली, तो बीच वाली सीट और पीछे की सीट पर भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई पाई गई। ​पुलिस ने बोलेरो से अलग-अलग ब्रांड की कुल 52 पेटी (कार्टन) अवैध शराब बरामद की हैं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 60 हजार है। ​आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ मामले में पुलिस ने बोलेरो ड्राइवर किरण (28), पिता जीतमल मालीवाड, निवासी खुटागलिया (थाना सल्लोपाट) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बाइक से एस्कॉर्ट कर रहे दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि शराब कहां से भरी गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। ​कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सलोपाट थानाधिकारी जयेश पाटीदार, हेड कॉन्स्टेबल शैतानराम, कॉन्स्टेबल बलदेव सिंह (विशेष भूमिका), कॉन्स्टेबल रविन्द्र सिंह और कॉन्स्टेबल दुष्यन्त कुमार शामिल रहे।