बांसवाड़ा SP सुधीर जोशी ने गढ़ी वृत्त कार्यालय सहित गढ़ी और सदर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के प्रशासनिक कामकाज से लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं तक का बारीकी से जायजा लिया। एसपी ने निर्देश दिए कि थानों में आने वाले परिवादियों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें। ​निरीक्षण के दौरान एसपी जोशी ने थाना परिसर, कार्यालय रिकॉर्ड, शस्त्रागार, मालखाना, लॉकअप और कंप्यूटर कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने मालखाने में रखे जब्त सामानों के सुरक्षित रखरखाव और शस्त्रागार में हथियारों की नियमित साफ-सफाई व सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को पाबंद किया। एचएम कार्यालय और स्वागत कक्ष की जांच करते हुए उन्होंने रिकॉर्ड को अपडेट और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। ​पेंडिंग मामलों का निस्तारण ​एसपी ने एफआईआर और लंबित परिवादों की समीक्षा करते हुए कहा कि जांच में गुणवत्ता और तेजी लाएं ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने मैस और लॉकअप का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। ​पुलिसकर्मियों से बात की ​निरीक्षण के अंत में एसपी ने थाना स्टाफ के साथ संपर्क सभा की। उन्होंने जवानों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को सुना और उनके जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा पुलिस का कार्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन में विश्वास पैदा करना भी है। सभी कार्मिक अनुशासन में रहकर पूरी तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। ​ये रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान गढ़ी वृत्ताधिकारी बाबूलाल, सदर थानाधिकारी रूप सिंह, गढ़ी थानाधिकारी रमेशचंद्र मीणा सहित थानों का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।