बारां जिले में गुरुवार से ब्लॉक स्तरीय स्वीप आमुखीकरण कार्यशालाएं शुरू हुईं। इनका उद्देश्य स्कूलों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) को सशक्त बनाना, भावी मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करना है। बारां ब्लॉक की पहली कार्यशाला पंचायत समिति सभागार में आयोजित हुई, जिसमें माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों के पीईईओ, प्रधानाचार्य, ईएलसी प्रभारी और स्वीप सदस्यों ने भाग लिया। यह कार्यशाला जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देश और सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने निर्वाचन आयोग के नए दिशा-निर्देशों के तहत स्कूलों में ईएलसी के गठन और उनके प्रभावी संचालन की जानकारी दी। उन्होंने शाला दर्पण पोर्टल पर ईएलसी और स्वीप गतिविधियों की ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया भी समझाई। कार्यशाला में प्रतिभागियों को ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करवाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, वोटर आईडी में संशोधन, मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने का प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें ईपिक नंबर, बारकोड, क्यूआर कोड या मोबाइल नंबर के माध्यम से मतदाता सूची में नाम खोजने की ऑनलाइन प्रक्रिया भी सिखाई गई। इसके अतिरिक्त केवाईसी, सी-विजिल और सक्षम एप की उपयोगिता बताई गई और विद्यार्थियों को इन डिजिटल सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। शिक्षा विभाग के शिविरा कैलेंडर के अनुसार स्कूलों में हर महीने आयोजित होने वाली ईएलसी और मतदाता जागरूकता गतिविधियों की रूपरेखा भी साझा की गई। कार्यशाला का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा मतदान का संकल्प लेने के साथ हुआ। स्वीप आमुखीकरण कार्यशालाओं का अगला चरण 17 जुलाई को छबड़ा, 20 जुलाई को किशनगंज, 21 जुलाई को शाहाबाद, 22 जुलाई को केलवाड़ा, 23 जुलाई को छीपाबड़ौद, 24 जुलाई को अंता और 28 जुलाई को अटरू ब्लॉक में आयोजित किया जाएगा। सभी कार्यशालाएं सुबह 11 बजे शुरू होंगी।