बारां में मनीष गौतम उर्फ बिट्टू हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। फरार चल रहे आरोपियों में से एक मुकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार भी जब्त की है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी राजेश चौधरी के सुपरविजन और सीओ हरिराम सोनी के नेतृत्व में टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों को जयपुर, हरियाणा, प्रयागराज और लखनऊ सहित विभिन्न स्थानों पर भेजा गया। रात के अंधेरे का फायदा उठाबर भागे थे 2 आरोपी जांच में सामने आया कि आरोपी राजेंद्र गहलोत, मुकेश यादव और अनिल यादव स्कॉर्पियो कार से प्रयागराज की ओर भागे थे। पुलिस लगातार उनका पीछा कर रही थी। शाहजहांपुर के आगे फरीदपुर टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी वाहन को गांव की ओर भगा ले गए। पीछा करने के दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठाकर राजेंद्र गहलोत और अनिल यादव फरार हो गए, जबकि मुकेश यादव को पुलिस ने पकड़ लिया। उसे बारां लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। 4 आरोपियों को पहले पकड़ा जा चुका इस मामले में इससे पहले 21 अप्रैल को राकेश कुमार उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही 3 नाबालिगों को भी डिटेन किया गया था। पुलिस ने उनके पास से एक वेन्यू कार, एक बुलेट बाइक और एक अन्य बाइक जब्त की थी। वारदात में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद किया गया था। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी भजनलाल, सुरेंद्र सिंह, जगदीश चंद्र शर्मा (साइबर सेल), परशुराम, हरीश भाटी सहित जिला विशेष टीम के आकाश शिंदे, शाहउद्दीन, मनीष शर्मा और कृष्णमुरारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।