बारां जिले में मानसून की सुस्ती से किसानों की चिंता बढ़ गई है। अच्छी बारिश की कामना को लेकर रविवार को शहर समेत जिलेभर में घास भैरू की सवारी निकाली गई। पिछले कई दिनों से जिले में अच्छी बारिश का इंतजार है। बारिश का दौर शुरू नहीं होने से खरीफ फसलों की बुवाई करने वाले किसान परेशान हैं। रविवार को भी जिलेभर में मौसम का मिलाजुला असर रहा; कई जगहों पर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। शहर में दिनभर बादल छाए रहने के बाद भी बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी का प्रभाव बना रहा। शहर में श्रीजी चौक से घास भैरू की सवारी शुरू हुई। यह सवारी मंडोला वार्ड से दीनदयाल पार्क, प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा और अस्पताल रोड से होते हुए वापस श्रीजी चौक पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। लोगों ने घास भैरू की पूजा-अर्चना कर अच्छी बारिश की कामना की। शहर के समीप नलका और मेलखेड़ी छापर में भी घास भैरू की सवारी निकाली गई।