बारां के हरनावदाशाहजी थाना पुलिस ने एक सोलर प्लांट से कॉपर केबल चोरी के मामले का खुलासा किया है। इस मामले में चोरी करने वाले एक युवक और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जलाकर निकाला गया कॉपर बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि आयु एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर अंशुमान शर्मा ने हरनावदाशाहजी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, लालगढ़ ईदगाह के सामने स्थित कंपनी के सोलर प्लांट से लगभग 8-10 दिन पहले अज्ञात बदमाशों ने 8 बंडल कॉपर वायर की केबल चुरा ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ और छबड़ा वृत्ताधिकारी ताराचंद के सुपरविजन में थानाधिकारी दीनदयाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध अरुण को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने एक साथी के साथ मिलकर सोलर प्लांट से केबल चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी अरुण ने बताया कि चोरी की गई केबल को जलाकर उसमें से तांबा निकाला गया था। यह तांबा हरनावदाशाहजी निवासी कबाड़ी जाबिर खान को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अरुण और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी जाबिर खान को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का कॉपर बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है। पुलिस का मानना है कि तीसरे आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।