बाड़मेर जिले के आडेल गांव के सर्किल पर लगी भीमराव अंबेडकर की तस्वीर तोड़ने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने पर आक्रोशित भीड़ सर्किल पर पहुंची और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर सदर थाना पुलिस ने सर्लोकिल पहुंचकर लोगों की समझाइश का प्रयास किया। गिरफ्तारी की मांग, धरने पर बैठे लोग जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को आडेल सर्किल की रैलिंग और उस पर लगी अंबेडकर की प्रतिमा टूटकर नीचे गिरी हुई थी। जानकारी मिलने के बाद लोग भड़क गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद सर्किल पर ही टैंट लगाकर धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की करीब तीन घंटे समझाइश की। एक कमेटी की निगरानी में सर्किल दोबारा बनाने और नई प्रतिमा लगाने पर सहमति बनी। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज मामले को शांत कराने के लिए बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट, एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। पूरे मामले की जानकारी जुटाई गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी गाड़ी की टक्कर से सर्किल और प्रतिमा टूटी हैं। फिलहाल पता लगाया जा रहा है कि सर्किल जानबूझकर तोड़ा गया या सच में हादसा हुआ था। तहसीलदार–बीडीओ बनवाएंगे सर्किल एएसपी नितेश आर्य ने बताया-शुरुआती जांच में किसी गाड़ी की टक्कर से सर्किल और वहां लगी अम्बेडकर की तस्वीर टूटने की बात सामने आ रही है। हम गाड़ी मालिक का पता करवा रहे हैं। समझाइश के बाद फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है। तहसीलदार और बीडीओ समेत कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की एक कमेटी भी बनाई है। जिसकी देखरेख में सर्किल का जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। इसके बाद धरना दे रहे लोग मान गए।