बाड़मेर जिले की ग्रामीण थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 61 किलो 150 ग्राम डोडा-पोस्त जब्त किए है। वहीं तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मादक-पदार्थ से भरी ब्रेजा व एस्कॉर्ट कर रही स्विफ्ट को जब्त किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से मादक-पदार्थ की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। मेडिकल कॉलेज के पास की गई थी नाकाबंदी एसपी चूनाराम जाट ने बताया- पुलिस मुख्यालय और जोधपुर आईजी के निर्देशानुसार नशा मुक्त बाड़मेर के तहत चलाए जा रहे अभियान के तहत मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम एवं वांटेड आरोपियों को डिटेन करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी नितेश आर्य एवं डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में ग्रामीण थानाधिकारी विक्रम चारण एवं डीएसअी टीम इंचार्ज आदेश कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीमों ने सूचना पर जालीपा में मेडिकल कॉलेज के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक ब्रेजा कार व उसकी एस्कोर्ट कर रही स्विफ्ट कार को रुकवाया गया। कारों की तलाशी लेने पर ब्रेजा में प्लास्टिक के कट्‌टों में भरे कुल 61 किलो 150 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त जब्त किए गए। आरोपी कानदान पुत्र कंवराजदान निवासी झणकली, कैलाशदान पुत्र दुर्जनदान निवासी झणकली व तेजमालसिंह पुत्र लुणसिंह निवासी झणकली को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में ग्रामीण थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं आरोपियों से डोडा-पोस्त कहां से लेकर आए इसको लेकर पूछताछ की जा रही है।