बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने भूणिया गांव प्रकरण को लेकर कहा कि कुछ लोग राजनीतिक फायदा उठाने के लिए माहौल बिगाड़ने की साजिश कर रहे हैं। लोगों को उकसा रहे हैं। उन्होंने एसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही। एसपी से मुलाकात, निष्पक्ष जांच की मांग बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल भूणिया गांव प्रकरण को लेकर एसपी चूनाराम जाट से मिले। बेनीवाल ने कहा कि पूरे मामले की जांच न्यायोचित तरीके से कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। इससे एक दिन पहले शनिवार को सांसद भूणिया गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। लोगों को उकसाकर बनाया जा रहा माहौल सांसद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भूणिया गांव में लोग सदियों से साथ में रहते आए हैं और आपस में कोई विवाद नहीं है। कुछ लोगों ने राजनीतिक फायदा उठाने के लिए लोगों को उकसा कर ऐसा माहौल पैदा किया है। उन्होंने लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि सभी को मिलजुलकर रहना चाहिए और छोटी बातों को विवाद का रूप नहीं देना चाहिए। जमीन और अतिक्रमण को लेकर दी समझाइश सांसद ने कहा कि जिनके पास नियमानुसार जमीन के पट्टे हैं, जमीन उन्हीं की रहनी चाहिए और किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। उन्होंने एसपी से कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दी जाए। राजनीतिक षड्यंत्र के आरोप उन्होंने बिना किसी पार्टी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग राजनीति के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं, लेकिन उनके मंसूबे कामयाब नहीं होंगे क्योंकि थार के लोग सच्चाई से वाकिफ हैं। हर घटना में फायदा ढूंढने वालों पर निशाना राजनीतिक फायदा उठाने के सवाल पर सांसद ने कहा कि कुछ लोग हर घटना में फायदा ढूंढते हैं। एक माह पहले बिशाला की घटना में भी ऐसा प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि समाज में अपराध होते हैं और ऐसे मामलों में कानून अपना काम करता है, लोगों को न्याय व्यवस्था पर भरोसा रखना चाहिए। छोटूसिंह रावणा विवाद पर भी बोले शिव विधायक और भजन गायक छोटूसिंह रावणा से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और जिसने भी गलती की है, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि शांतिप्रिय क्षेत्र में इस तरह के विवाद ठीक नहीं हैं और आपसी मुद्दों को बैठकर सुलझाना चाहिए, ताकि छोटी बात को बड़ा मुद्दा बनने से रोका जा सके। --- इससे जुड़ी खबर पढ़ें… धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ का विरोध, पुलिस जाब्ता तैनात:SP- DSP मौके पर पहुंचे; पूर्व मंत्री बोले- पत्थरबाजी की घटना कायराना हरकत