बाड़मेर एमपीटी (मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल) नागाणा के अति संवेदनशील क्षेत्र से फर्जी गेट पास बनाकर कंपनी के कर्मचारी ही केबल चुरा ले गए। जोधपुर ले जाने के दौरान उन्हें कंपनी के दूसरे साथियों ने पकड़ लिया। आरोपी इससे पहले भी एमपीटी के रेड जोन से केबल काट कर ले गए थे। घटना जिले के नागाणा थाना इलाके एमपीटी में 22 जून को हुई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश की जा रही है। पूछताछ में सामने आया कि इंजीनियरों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शाम 6 बजे केबल चुराकर ले गए पुलिस के अनुसार, बाड़मेर महावीर नगर सिटी सेटर निवासी उमेंद्र कुमार मंडल पुत्र नीतन मंडल ने पुलिस थाना नागणा में 23 जून को रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया- प्राइवेट कंपनी HAL Offshore Ltd. एमपीटी नागाणा (कूड ऑयल उत्पादन क्षेत्र) में काम करती है। उसमें एचआर एडमिन पद पर कार्यरत हूं। कंपनी में सौम्याजीत नायक, कुडुपुड़ी, श्रीराम कुमार, येडला वसंत कुमार कर्मचारी है। आरोपी यहां से इलेक्ट्रिक केबल 3CX185 SQMM करीब 263 मीटर लंबी और इलेक्ट्रिक 3CX300 SQMM करीब 408 मीटर लंबी केबल चुराकर शाम 6 बजे एमपीटी से निकल गए। गाड़ी को अग्रवाल धर्मा कांटा बाड़मेर लाया गया। वहां से चोरी का माल दूसरे वाहन जोधपुर की ओर लेकर जा रहे थे। कंपनी को चोरी की जानकारी लगने पर उतरलाई पेट्रोल पंप पर रुकवाया गया। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। नागाणा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को जब्त कर लिया। कंपनी एचआर एडमिन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। वहीं पुलिस ने जांच करने के साथ एक आरोपी श्रीराम कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जेल भेज दिया गया। थानाधिकारी अशोक कुमार ने बताया- चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कंपनी ने पहले भी केबल चोरी होने की बात बताई है। उसकी भी जांच की जा रही है।