बाड़मेर में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है। सदर पुलिस थाने से जब्त बाइक चोर चुरा कर ले गए। युवक जब बाइक लेने थाने पहुंचा तो बाइक नहीं होने पर पुलिसकर्मियों के होश उड़े गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। वहीं कोतवाली थाने में सदर पुलिस थाने से बाइक चोरी की एफआईआर दर्ज करवाई है। मंगलवार को बाइक मालिक ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर बाइक दिलाने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस बाइक चोर की तलाश कर रही है। कोतवाली इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया- 19 अप्रैल को केआई होटल के पास शराब के नशे में बाइक चलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने शांति भंग में गिरफ्तार किया था। बाइक एमवी एक्ट में जब्त कर सदर थाने में खड़ी करवाई थी। युवकों को दूसरे दिन(20 अप्रैल) एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। इसके बाद बाइक मालिक सिविल न्यायधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 1 के आदेशानुसार बाइक लेने के लिए कोतवाली थाने पहुंचा। कोतवाली ने कोर्ट के आदेशानुसार कॉन्स्टेबल रतनसिंह को सदर थाने बाइक लेने के लिए भेजा तो वहां पर बाइक नंबर आरजे04 एसएक्स 7199 नहीं मिली। इसके बाद सदर थाने के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। 19 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 के बीच में चोर पुलिस थाना सदर परिसर से चुरा कर ले गया। पुलिस ने 26 अप्रैल को सदर थाने के एएसआई श्रीराम की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया- हमने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही हम चोर को पकड़कर बाइक बरामद कर लेंगे।