बाड़मेर में बाइक पर आए बदमाशों ने एक युवक को गले लगाकर जेब से 5 हजार रुपए निकाल लिए। जब उसने उन्हें पकड़ लिया तो मारपीट और छीनाझपटी करने लगे। इस बीच बदमाश के दो अन्य साथी बाइक पर आए और रुपए लूट कर फरार हो गए। मामला बाड़मेर शहर के अंबर कॉम्पलेक्स के पास बुधवार शाम का है। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दो बदमाशों को गिरफ्तार भी किया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। खाना खाने आया था युवक, लूटकर भागे करौली निवासी दशरथ सिंह ने बताया कि वह सांवौर के आडेचा में सोलर पर काम करता है। बुधवार शाम करीब 4 बजे उसके साथी सहदेव शर्मा के साथ होटल पर खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद जब जेब से रुपए निकाल रहा तो एक युवक आया और गले मिलते हुए जेब से रुपए निकाल लिए। इस पर जब मैंने उसे पकड़ा को धक्का-मुक्की करने लगा। इसी बीच उसके दो दूसरे साथी बाइक पर आए और 5 हजार रुपए लूटकर भाग गए। सूचना मिलने पर कोतवाली थाने की टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी खंगाले। एएसआई गिरधारीराम ने बताया- फिलहाल थाने में कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। वहीं, हमने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर धनसिंह और सूर्यप्रकाश को पकड़ लिया है। इनके पूछताछ की गई है। वहीं तीसरे युवक की तलाश की जा रही है।