बाड़मेर जिले के भारत-पाक सीमा क्षेत्र के साता गांव स्थित SBI बैंक शाखा में हुई चोरी का पुलिस ने एक माह बाद खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोर बैंक में ताला तोड़कर घुसे थे और लॉकर तोड़ने की कोशिश की। लेकिन असफल रहने पर CCTV कैमरे, अलार्म केबल तोड़कर टीवी और वॉटर आरओ मशीन चोरी कर ले गए। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य साथियों की तलाश जारी है। शाखा प्रबंधक ने 6 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि 5 मार्च की रात चोर बैंक में घुसकर CCTV कैमरे, अलार्म की केबल और काउंटर के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद बैंक में लगी एलईडी और वाटर डिस्पेंसर चोरी कर ले गए। इस पर बाखासर थाने में मामला दर्ज किया गया। सूचना पर बाखासर, सेड़वा और बीजराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल, एमओबी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फिंगरप्रिंट लिए। CCTV फुटेज में 5 संदिग्ध युवक नजर आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाखासर थानाधिकारी राजुराम विश्नोई ने टीम के साथ जांच शुरू की। तकनीकी आधार और सूचना के आधार पर चार संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की गई, जिन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे बैंक में चोरी के इरादे से घुसे थे, लेकिन लॉकर नहीं तोड़ पाए। इसके बाद उन्होंने CCTV कैमरे, अलार्म केबल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल दिनेश सिंह की अहम भूमिका रही। --- इससे संबंधित खबर पढ़ें… SBI बैंक में नकाबपोश बदमाश ताले तोड़कर घुसे:टीवी और आरओ मशीन लेकर फरार हुए, सीसीटीवी भी तोड़े