बाड़मेर में बारिश का दौर लगातार जारी है। बाड़मेर शहर में रविवार शाम करीब 30 मिनट में 1.8 इंच बारिश हुई। इससे शहर की सड़कें लबालब हो गईं। कलेक्ट्रेट परिसर, विवेकानंद सर्किल, हाईस्कूल रोड और सिणधरी सर्किल पर करीब 2 से 4 फीट तक पानी बहने लगा। कई बाइक सवार पानी में फंस गए। रविवार को बाड़मेर का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दरअसल, बाड़मेर जिलेभर में बीते 5 दिनों से लगातार बारिश का दौर चल रहा है। इस दौरान करीब-करीब पूरे जिले में अच्छी बारिश हुई है। इसके बाद किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद अचानक काले बादल छा गए। तस्वीरों में देखिए… बाड़मेर की बारिश 30 मिनट में बरसा 47.6 एमएम पानी बाड़मेर शहर में शाम 6 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जो करीब 30 मिनट तक जारी रही। इससे शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। शहर का सीवरेज सिस्टम फेल नजर आया। बाड़मेर की मुख्य सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी बहने लगा। कलेक्ट्रेट परिसर, विवेकानंद सर्किल, किसान छात्रावास, हॉस्पिटल रोड और हाई स्कूल की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। इस दौरान बाइक सवारों और पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम 5 बजे तक चौहटन में सबसे ज्यादा 28.5 एमएम बारिश बाड़मेर जिले की चौहटन तहसील में शाम 5 बजे तक सबसे ज्यादा 28.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, धनाऊ में 23 एमएम, गडरारोड में 13 एमएम और रामसर में 3 एमएम बारिश हुई।