बारां के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर मंगलवार दोपहर बाद एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मदद में जुटे। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पहचान अटरू निवासी मनीष (25) पुत्र नंदकिशोर नायक के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार कार ड्राइवर की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।