ब्यावर में आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर वार्डवार जनसंवाद कार्यक्रम शुरू किया है। रविवार को वार्ड संख्या 18 में आयोजित पहले ही कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मोहम्मद शौकिन कुरेशी और शौकत पठान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता 'आप' की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़े। जिलाध्यक्ष शौकिन काठात ने नए सदस्यों को पार्टी की टोपी पहनाकर स्वागत किया। शहर अध्यक्ष धीरज जैन ने उन्हें दुपट्टा व माला पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि जन संवाद अभियान के तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनी जाएंगी। इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शौकीन काठात, शहर अध्यक्ष धीरज जैन, एससी विंग जिलाध्यक्ष नारायण अठवाल, ओबीसी विंग जिलाध्यक्ष बाबूलाल सैन, खींयाराम सिंगारिया, सूरजमल, एडवोकेट नीलेश बुरड़ और मुल्तान काठात सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।