ब्यावर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने "संगठन बढ़ाओ – लोकतंत्र बचाओ" अभियान के तहत रविवार को दलित एवं पिछड़ी बस्तियों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ इन बस्तियों का दौरा किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया। अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार के शासन में महंगाई लगातार बढ़ रही है, रोजगार के अवसर घट रहे हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और गरीब वर्गों का शोषण बढ़ रहा है, और उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। सरकार पर निकाय चुनावों को टालने का आरोप शर्मा ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार हार के डर से पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों को टाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट की फटकार के बावजूद सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डाल रही है, जो तानाशाही प्रवृत्ति को दर्शाता है। 'सरकार की नीतियां केवल पूंजीपतियों के हित में' खनन विकास एवं उत्थान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत ने कहा कि सरकार की नीतियां केवल पूंजीपतियों के हित में हैं, जबकि गरीब और पिछड़े वर्गों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने जनता से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष अज़मत काठात ने अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी। कई मुद्दों पर हुई चर्चा जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं रखीं। इनमें बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी प्रमुख रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन मुद्दों को पार्टी स्तर पर उठाने और समाधान कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में राजेश व्यास, रसूल काठात, निहाल, नौरत भील, बीरम भील, गंगाराम, गोपाल रावत, मोती रैदास, रामजी रावत, प्रकाश नवल, छोटू भील, राजू रावत, पप्पू बावरी, निजामुद्दीन, रमजान, बाबू भाई, छगन, सूरज नाथ, प्रहलाद गुनरात, चंचल काठात, लक्ष्मी रैदास, पूजा भील, रेखा रावत, लाली रावत, लीला भील सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।