भारत विकास परिषद् की करौली शाखा ने अपना 64वां स्थापना दिवस यादव बाटी गौशाला में मनाया। इस अवसर पर गौ सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें गौ पूजन, सवामनी, महाआरती और सीड बॉल तैयार कर वृक्षारोपण का संकल्प शामिल था। कार्यक्रम संयोजक दिनेश सेठी ने बताया कि परिषद् सदस्यों ने गौ माता का पूजन किया। इस दौरान गुड़, तेल और पीना मिश्रित सवामनी अर्पित की गई। इसके बाद महाआरती कर समाज और राष्ट्र की सुख-शांति तथा समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। गौ सेवा के बाद, परिषद् सदस्यों ने चारागाह और वन भूमि में वन संवर्धन के उद्देश्य से गोबर से सीड बॉल तैयार किए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के प्रति लोगों को जागरूक करना था। जिला समन्वयक राजेंद्र दीवान ने परिषद् की स्थापना, उसके उद्देश्यों और पंच सूत्रों – संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण – पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद् पिछले 64 वर्षों से समाज सेवा, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर परिषद् के अध्यक्ष तुलसी दास गोयनका, सचिव कमलाकांत शर्मा, कोषाध्यक्ष गोविंद लोहे वाले, संपर्क गतिविधि संयोजक अखिलेश गुप्ता, महिला गतिविधि संयोजक शची सिंघल, प्रांत पर्यावरण गतिविधि संयोजक सीताराम शर्मा, प्रांत सह संगठन सचिव योगेंद्र सिंघल, सेवा गतिविधि संयोजक नीरज बजाज और डॉ. प्रदीप जैन सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद अग्रवाल ने किया। इसकी शुरुआत वंदे मातरम् से हुई और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।