भरतपुर की खेड़ली मोड़ थाना पुलिस ने वारदात की योजना बना रहे तीन बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 राउंड से लोडेड एक पिस्टल और एक रिवाल्वर बरामद हुई है। पुलिस को आशंका है कि तीनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा खेड़ली मोड़ थाने में तैनात अंडर ट्रेनिंग RPS भूपेंद्र सिंह ने बताया - रविवार रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि छोंकरवाड़ा रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास कुछ युवक बैठे हैं और किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। एक नाबालिग भी शामिल, लोडेड पिस्टल और रिवाल्वर बरामद पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए तीन आरोपियों में एक नाबालिग है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5 राउंड से लोडेड एक अवैध पिस्टल और एक रिवाल्वर बरामद की गई। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर हथियार जब्त कर लिए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और अवैध हथियार कहां से लाए।