मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को भीलवाड़ा पुलिस ने असम से गिरफ्तार किया है। गैंग के लोग साइबर ठगी करते थे। मामले में पुलिस ने डिब्रूगढ़ जिले के दीपू बोरगोहन (28) पुत्र मिलन बोरगोहन को पकड़ा है। करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल ने बताया कि 11 फरवरी 2025 में चितांबा में रहने वाले पारसमल गुर्जर ने एक रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें बताया कि उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने उसे बताया कि वो एयरटेल कंपनी से बोल रहा है और खेत में मोबाइल कंपनी का टावर लगाना है। इसकी चौकीदारी और नौकरी के 12 हजार और इस जमीन के 18 हजार रुपए किराया कुल मिलाकर 30 हजार महीना दिया जाएगा। डिजिटल ट्रेकिंग से आरोपी को पकड़ा फोन करने वाले व्यक्ति ने मेरे साथ में 12 लाख 78 हजार की धोखाधड़ी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने टेक्निकल डेटा, कॉल डिटेल, डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर फोन करने वाले व्यक्ति की लोकेशन असम के अलग-अलग जिलों में पाई। गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम का गठन किया और उसे असम भेजा। इस क्षेत्र में साइबर हॉटस्पॉट होने और जंगल में खेतों में छुपकर ठगी करने की वारदातों को ध्यान में रखकर 2 दिन तक पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को ठेंगाखत थाने के सहयोग से गिरफ्तार किया। फिलहाल पकड़े गए आरोपी से डिटेल इन्वेस्टिगेशन की जा रही है। ये रहे टीम में शामिल आरोपी को पकड़ने वाली टीम में करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल, एएसआई रेवत सिंह, कॉन्स्टेबल कृष्णा कुमार, कमलेश, राकेश और महेश शामिल रहे। मामले में फिलहाल गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।