धौलपुर जिले की पंचायत समिति की ग्राम पंचायत भेंसेना में एक ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी प्रकरणों सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई। ग्राम पंचायत भेंसेना के सरपंच यादव सिंह लोधी ने बताया कि शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया। सरपंच लोधी ने आगे बताया कि शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, भूमि संबंधी प्रकरण और नाम शुद्धिकरण सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। आंगनबाड़ी के नए भवन का शुभारंभ भी किया शिविर प्रभारी और नायब तहसीलदार प्रदीप सिंह राजोरिया ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। शिविर के दौरान ध्रुव सिंह का जन्म प्रमाण पत्र और संजय पत्नी रघुनाथ सिंह का मृत्यु प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किया गया। इसके अलावा आंगनबाड़ी के नवीन भवन का फीता काटकर शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष प्रशांत हुंडवाल, जयप्रकाश पटवारी, सचिव लोकेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। स्कूली बच्चों को नशे के प्रति किया जागरूक इधर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे' अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में सचिव रेखा यादव सहित सभी न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्टूडेंट्स से नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण का आह्वान किया। अधिकारियों ने बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष बल दिया गया। अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।