भीलवाड़ा में ब्रांडेड फुटवियर कंपनियों के नकली (कॉपी) प्रोडक्ट बेचने वालों पर पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस को स्पोर्ट्स फुटवियर ब्रांड Puma के नकली जूते-चप्पल बेचने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने कंपनी प्रतिनिधि के साथ मिलकर शहर में एक साथ तीन दुकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में नकली फुटवियर बरामद किया गया। कार्रवाई के बाद नकली प्रोडक्ट बेचने वाले दुकानदार अंडरग्राउंड हो गए हैं। कॉपी फुटवियर से दे रहे थे धोखा पुलिस टीम ने सबसे पहले कॉलेज रोड स्थित लेवल हाई शॉप पर छापा मारा। यहां टीम को बड़ी संख्या में Puma ब्रांड के नकली जूते और चप्पलें मिलीं। ब्रांडेड शूज और स्लिपर की कॉपी देखने में बिल्कुल असली लग रही थी। यानी कस्टमर ब्रांडेड फुटवियर की कीमत में नकली सामान खरीद रहे थे। इनकी एमआरपी भी 3000 से 10,000 रुपए तक लिखी हुई थी। दूसरी कार्रवाई बड़ला चौराहा स्थित महावीर फुटवियर पर की गई, यहां भी बड़ी मात्रा में ब्रांडेड जूते-चप्पलों का नकली माल बरामद किया गया। टीम ने सिरकी मोहल्ले में JP ट्रेडिंग पर भी दबिश देकर मौके से बड़ा स्टॉक जब्त किया। पुलिस की कार्रवाई से नकली माल बेचने वाले कई दुकानदार अंडरग्राउंड भी हो गए। MRP के हिसाब से 50 लाख का माल तीनों जगहों से मिले फुटवियर की कीमत ब्रांडेड कंपनी के MRP रेट के हिसाब से करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल तीनों दुकानों से जब्त किए नकली माल को बनाने वाले और उन्हें बेचने वाले नेटवर्क की जांच की जा रही है।