भीलवाड़ा शहर में मानसरोवर झील की सफाई करने वाले छात्र नेता को धमकाने और गाली-गलौज करने का ऑडियो सामने आया है। इसमें छात्र नेता से विधायक का कथित प्रतिनिधि गाली-गलौज कर रहा है और साफ-सफाई नहीं करने के निर्देश दे रहा है। पीड़ित छात्र अंकित शर्मा का आरोप है कि शहर विधायक अशोक कोठारी के एक प्रतिनिधि सत्यनारायण गूगड़ ने उन्हें फोन किया और गाली-गलौज कर धमकियां दी। इसकी रिकॉर्डिंग भी मेरे पास है। पीड़ित का कहना है कि उसने 18 अप्रैल को सुभाष नगर थाने में भी परिवाद सौंपा है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं होने पर एसपी से मुलाकात की कार्रवाई की मांग की है। हालांकि भीलवाड़ा के निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी का कहना है- सत्यनारायण गूगड़ विधायक प्रतिनिधि नहीं है, वो कार्यकर्ता है। जिले में कोई भी व्यक्ति मेरा प्रतिनिधि नहीं है। रही बात सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल वाली तो गाली-गलौज करना गलत है, चाहे वो किसी ने भी की हो। सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने बताया कि इस मामले में परिवाद मिला है,जांच जारी है जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। दरअसल, मामला शहर की मानसरोवर झील में सफाई करने के एक वीडियो से जुड़ा है। जब यहां की साफ-सफाई नहीं हुई तो एमडीएसयू के छात्र संघ महासचिव और छात्र नेता अंकित शर्मा ने यहां आकर साफ-सफाई की शुरुआत की और एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस वीडियो में अंकित ने इस झील की साफ-सफाई नहीं होने पर सांसद, विधायक और कलेक्टर द्वारा ध्यान नहीं देने की बात कही थी। छात्र नेता अपने खर्चे पर कर रहे साफ सफाई छात्र नेता अंकित का कहना है कि वे और उनकी टीम पिछले कुछ समय से भीलवाड़ा के उन पार्कों और झीलों की सफाई कर रही है, जिन्हें नगर परिषद और जनप्रतिनिधियों ने अपने हाल पर छोड़ दिया है। पटेलनगर स्थित मानसरोवर झील गंदगी और जलकुंभी का केंद्र बन चुकी थी, उसे हमारे खर्च और मित्रों के सहयोग से साफ कर रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद विधायक कोठारी के तथाकथित प्रतिनिधि ने फोन पर भद्दी गालियां दीं, बल्कि जनसेवा बंद करने की धमकी भी देने लगा। इंस्टाग्राम पर फोन कर दी गालियां अंकित ने पुलिस को सौंपे परिवाद में बताया कि 18 अप्रैल की शाम करीब 6:15 बजे उनके इंस्टाग्राम पर सत्यनारायण जाट गुगड़ नाम की आईडी से कॉल आया। अंकित का दावा है कि फोन उठाते ही सामने वाले ने बिना किसी वजह के गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। उसके बाद से मुझे लगातार डराया धमकाया जा रहा है और फोन करके गाली गलौज की जा रही है। आरोप है कि यह आईडी भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी के तथाकथित सहायक सत्यनारायण गुगड़ की है। 'झील में से रोज निकालता हूं जलकुंभी' पीड़ित अंकित ने बताया कि भीलवाड़ा शहर की सबसे बड़ी झील मानसरोवर झील में जलकुंभी होने के कारण इसकी सुंदरता खराब हो रही थी। इसको देखते हुए सेवा संकल्प के तहत मैंने इसको साफ करने की जिम्मेदारी उठाई थी और इस कार्य को करने के लिए मैं अपने साथियों के साथ आगे आया था। अंकित का कहना है कि हमारे विधायक और सांसद, जिन्हें वोट देकर विजेता बनाया हैं। वे भी इस समस्या का निवारण नहीं करवा पा रहे हैं। मैं चाहता हूं इस समस्या का समाधान हो, इसलिए मैं खुद रोज एक-एक बाल्टी मानसरोवर झील से जलकुंभी निकालता हूं। मैंने आज एसपी से मिलकर आरोपी के खिलाफ जांच की मांग की है। हालांकि भीलवाड़ा के निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी ने आरोपी को खुद का प्रतिनिधि बताने से इनकार किया है। उनका कहना है कि मामले में पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी।