आमजन को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सरलता, और सही समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने भीलवाड़ा में आज एस.के. प्लाजा के पास, आजाद नगर में नए वातानुकूलित एवं अत्याधुनिक सुविधाओं वाले आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ सांसद दामोदर अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सांसद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के तहत डिजिटल सेवाओं के विस्तार और सुशासन की दिशा में यह केंद्र महत्वपूर्ण पहल है। आज के समय में ई गवर्नेंस की प्राथमिकता से आवश्यकता है। इस केंद्र के शुभारंभ से भीलवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आधार संबंधी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर सहज एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध होंगी। सांसद ने खुद का आधार अपडेट करवाया उन्होंने कहा कि केंद्र के शुरू होने से आमजन का समय बचेगा और सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इस मौके पर अग्रवाल ने भी स्वयं का आधार अपडेट करवाया। साथ ही समस्त आमजन से अपील करते हुए कहा कि वह भी समय समय पर आधार अपडेट जरूर कराएं। ऑनलाइन बुक किया जा सकता अपॉइंटमेंट इस आधार सेवा केंद्र पर नए आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल, फोटो एवं बायोमेट्रिक अपडेट सहित सभी आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र में हेल्प डेस्क, टोकन प्रणाली, वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष, दिव्यांगजनों के लिए रैंप तथा स्वच्छ एवं आरामदायक बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। सभी सेवाएं यूआईडीएआई के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएंगी। कोई भी व्यक्ति https://bookappointment.uidai.gov.in/ पर जाकर आधार सेवा केंद्र में आधार सेवाओं हेतु ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं।5-17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अब 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, तथा यह सुविधा राजस्थान में आधार सेवा केंद्रों के साथ-साथ स्कूल शिविरों के माध्यम से भी उपलब्ध है। इनकी रही मौजूदगी कार्यक्रम में यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय, दिल्ली के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल (आईटीएस), निदेशक कुमार उज्ज्वल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं का आमजन उपस्थित रहे।