भीलवाड़ा शहर की आरके कॉलोनी के मुख्य मार्ग से मंगलवार को अतिक्रमण हटाया गया। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम का दस्ता जेसीबी लेकर मुख्य मार्ग पर पहुंचा और दुकानों के बाहर किए अवैध कब्जों और अतिक्रमण को ढहा दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कई दुकानदार खुद अपना सामान समेटते नजर आए और रास्ते भी चौड़े दिखाई दिए। आरके कॉलोनी रोड पर पिछले लंबे समय से कई दुकानदारों ने मेन रोड और नालियों के ऊपर पक्के निर्माण ,सीढ़ियां और रैंप बना कर अतिक्रमण किया था। इसके कारण पैदल चलने वाले राहगीरों को परेशानी हो रही थी। साथ ही आए दिन जाम के हालात बने हुए रहते थे। ऐसे में दुकानों के बाहर किए गए पक्के निर्माणों को जेसीबी की मदद से हटवाया गया। व्यापारियों ने कार्रवाई रोकने की मांग को लेकर बहस की, लेकिन दस्ते ने सभी अतिक्रमण तोड़ दिए। मौके पर मौजूद होमगार्ड और निगम के सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को कंट्रोल किया। अधिकारियों का कहना है की आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। नाली या सड़क पर अतिक्रमण करने पर सामान जब्त कर जुर्माना भी वसूला जाएगा। अब देखिए- तस्वीरें