भरतपुर-बयाना स्टेट हाईवे पर बुधवार रात करीब 8:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में रेल कर्मचारियों से भरी एक कार पलट गई। इस दुर्घटना में चार रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। दोस्त की बेटी के विवाह में शामिल होने जा रहे थे जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के टूण्डला निवासी पांच रेलकर्मी कार से करौली जिले के श्री महावीरजी के पास दानापुर में अपने दोस्त की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बयाना के सालाबाद गांव के पास पहुंचते ही अचानक एक बाइक सवार लहराते हुए कार के सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार चालक ने संतुलन खो दिया। बेकाबू कार सड़क किनारे लगे नीम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब पांच पलटियां खाते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सरदार (50), विनोद (50), जयकिशन (41) और रोहित (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला और बयाना के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। भरतपुर रेफर किया अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायलों से घटना की जानकारी जुटाई।