राजस्थान में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश में अब 10वीं पास सरकारी नौकरियों के लिए भी समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) देनी पड़ सकती है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने सीईटी दसवीं स्तर के आयोजन को लेकर मंथन प्रारंभ कर दिया है। बोर्ड की सरकार स्तर पर वार्ता हो चुकी है। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो जल्द ही प्रदेश में सीईटी दसवीं का आयोजन हो सकता है। अब तक प्रदेश में दो सीईटी हो रही है। सीईटी स्नातक और सीईटी सीनियर सेकंडरी। अब सीईटी दसवीं स्तर के आयोजन के बाद प्रदेश में तीन प्रकार की सीईटी हो जाएगी। सीईटी दसवीं लागू होने के बाद वनरक्षक, लैब अटेंडेंट, सिपाही आबकारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सहित कई भर्तियां इसमें शामिल हो सकती है। इन पदों की भर्तियों में शामिल होने के लिए सीईटी दसवीं की पात्रता लेना जरूरी होगा। इसलिए पड़ी इसकी जरूरत कर्मचारी चयन बोर्ड के अनुसार 10वीं पास योग्यता वाली भर्तियों में पदों के मुकाबले आवेदक लाखों में पहुंच रहे हैं। लैब अटेंडेंट के 52 पदों पर 2 लाख और चतुर्थ श्रेणी भर्ती में 24 लाख आवेदन आए थे। ऐसे में दो स्तर पर परीक्षा कराने की तैयारी है। पहले चरण में सीईटी से छंटनी के बाद दूसरे चरण में भीड़ घटेगी और परीक्षा की मॉनिटरिंग आसान होगी। हरियाणा समेत कई राज्यों में सीईटी सेकंडरी पहले से हो रहा है। सीईटी स्नातक, सीनियर के आवेदन जारी प्रदेश में पहले से ही दो सीईटी हो रही है। दोनों के लिए आवेदन जारी हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने सीईटी स्नातक के लिए 2 अगस्त तक और सीईटी सीनियर सेकंडरी के लिए 23 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। सीईटी सीनियर सेकंडरी की परीक्षा 23 से 25 अक्टूबर तक और सीईटी स्नातक की परीक्षा 1 से 3 दिसंबर तक आयोजित होगी। दोनों के लिए 30 लाख आवेदन के आसार हैं। वनरक्षक, सिपाही आबकारी सहित कई भर्तियों में दसवीं योग्यता के कारण लाखों अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। इससे कई प्रकार की दिक्कत होती है। अगर परीक्षा दो स्तरों पर होगी तो अभ्यर्थियों की संख्या कम रहेगी। इससे मॉनिटरिंग आसान हो सकेगी। हमने सीईटी दसवीं के आयोजन के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा है। इसमें 8 से 10 प्रकार के पदों की भर्तियां शामिल हो सकती है। - आलोक राज, अध्यक्ष, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड