बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में होटल पर रुके कार सवार दंपती पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से कार सवार दंपती सकते में आ गए। पिकअप ड्राइवर ने उन्हें मधुमक्खियों से बचने के लिए तिरपाल दिया। इसके बाद एम्बुलेंस बुलाई गई। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कार से उतरते ही हमला किया श्रीडूंगरगढ़ मार्ग पर जयपुर से आ रही एक कार होटल के पास रुकी। इस हैरिटेज होटल के पास कार सवार दंपती जैसे ही वाहन से उतरे, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। दंपती को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वो अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए भागने लगे तो मधुमक्खियां उनके पीछे हो गई। अब तस्वीरों में देखें मधुमक्खियों का हमला… तिरपाल ओढ़कर बचाई जान हमले से परेशान दंपती को देखकर एक पिकअप सवार ने खुद के पास रखे एक प्लास्टिक का तिरपाल दिया। जिसे उन तीनों ने ओढ लिया। जिससे किसी तरह अपनी जान बचा सके। बाद में एंबुलेंस को बुलाया गया, जिसमें चढ़ते वक्त भी तिरपाल को ही चारों तरफ से पैक किया ताकि मधुमक्खियां फिर से अटैक नहीं कर सके। बाइक सवार भी सड़क पर गिरा इसी दौरान पीछे से आ रहा एक बाइक सवार भी मधुमक्खियों के हमले की चपेट में आ गया। संतुलन बिगड़ने से वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसे भी चोटें आईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया राहगीरों ने तुरंत एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सेवादारों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में आड़सर बास निवासी 38 वर्षीय लक्ष्मीनारायण तिवाड़ी के साथ जयपुर निवासी अजय और नलिनी खत्री शामिल हैं। अस्पताल में महिला दर्द से चीख पड़ी, जहां मेडिकल टीम द्वारा तीनों का इलाज किया जा रहा है।