बीकानेर की गजनेर थाना पुलिस ने डीसी केबल चोरी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 किलोग्राम डीसी केबल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इससे पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 को कोलायत क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी निवासी भागीरथ सिंह ने गजनेर थाना क्षेत्र के मोडिया मानसार से डीसी केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस ने कोडमदेसर निवासी 21 वर्षीय आशु राम ओड को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 10 किलो डीसी केबल बरामद कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इसी मामले में कोजू राम उर्फ सुमेराराम और किशोर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। मामले की जांच अभी भी जारी है और चोरी में शामिल अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।