बीकानेर में लड़की के रिश्ते को लेकर हुई कहासुनी में पिता-पुत्र समेत तीन की हत्या कर दी। मामला गुरुवार दोपहर 1:20 बजे का छत्तरगढ़ के खारवाली में सुरजनवाली गांव का है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मृदुल कच्छावा और FSL टीम मौके पर पहुंची। खाजूवाला डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया- खारवाली निवासी जिंदू खान (55) पुत्र याकूब खान और उसके बेटे करीम खान (25) और साले सुरजनवाली निवासी अलीशेर (60) पुत्र अब्दे खान की हत्या की गई है। हमले में नब्बू (35) घायल हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार दो पक्षों में विवाद हुआ था। झगड़ने वाले दोनों पक्ष आपस में मामा-भांजा लगते हैं। चाकू से एक-दूसरे पर हमला किया गया। पुलिस ने तीनों शवों को छत्तरगढ़ के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद से अस्पताल में भारी भीड़ इकट्‌ठा हो गई। हॉस्पिटल में पुलिस फोर्स तैनात की गई। बहस खूनी संघर्ष में बदली जानकारी के अनुसार- गांव में पेस्टिसाइड छिड़काव के बाद परिवार का सदस्य बीमार हो गया था। ऐसे में जिंदू, करीम, अलीशेर और नब्बू समेत अन्य लोग हालचाल पूछने गए थे। इसी दौरान परिवार में एक लड़की की सगाई कराने को लेकर बहस हो गई थी। बहस खूनी संघर्ष में बदल गई और मौके पर मौजूद लोगों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिए। 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया- मामले ने गुलाबनबी, याकूब अली, बरकत अली, अकरम, रहमत अली, मशूक, अल्ताफ, सिकंदर समेत 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि सभी आरोपी लाठी, कुल्हाड़ी और बड़ी छुरियां लेकर आए थे कंटेंट : इस्माइल खान, खाजूवाला