राज्य सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के निर्देश पर बुधवार को बीकानेर जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में राज्य स्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कई कार्यालयों के कक्ष बंद मिले, जिन पर ताले लटके हुए थे। निरीक्षण दल का नेतृत्व शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा ने किया। उनके साथ सहायक शासन सचिव रामस्वरूप विश्नोई, अनुभाग अधिकारी महेंद्र कुमार सरावता, सहायक अनुभाग अधिकारी चेना राम भदाला, लिपिक ग्रेड-द्वितीय वीर सिंह और तरुण कुमार मीणा शामिल रहे। 22% अधिकारी और 27% कर्मचारी अनुपस्थित सुबह 9:50 बजे किए गए निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के कुल 124 उपस्थिति रजिस्टर जांचे गए। जांच में राजपत्रित श्रेणी के 350 अधिकारियों में से 77 अधिकारी अनुपस्थित मिले, जो कुल संख्या का 22 प्रतिशत है। वहीं, अराजपत्रित श्रेणी के 1331 कर्मचारियों में से 362 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। यह आंकड़ा 27.01 प्रतिशत रहा। जिम्मेदार अधिकारियों के ऑफिस बंद निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों में जिम्मेदार अधिकारियों के कक्ष बंद मिले। वन विभाग के सहायक उप संरक्षक कार्यालय में डॉ. पूजा पंचारिया का कक्ष बंद पाया गया। वहीं, इंदिरा गांधी नहर परियोजना भवन के द्वितीय तल पर अधिकांश कमरों पर ताले लगे मिले। जलग्रहण विकास विभाग में अधिशासी अभियंता महेश कुमार अजाड़ीवाल का कक्ष भी बंद मिला। सरकार को दी जाएगी रिपोर्ट निरीक्षण दल के प्रमुख सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी। इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में समयपालन सुनिश्चित करना और कार्य संस्कृति को मजबूत बनाना है।