बीकानेर शहर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हर्ष-फायरिंग का मामला सामने आया, जिससे अमरनाथ कॉलोनी क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। शराब पार्टी के दौरान एक युवक ने खुशी में बंदूक से चार राउंड हवाई फायर कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हवाई फायरिंग की आवाज सुनकर कॉलोनी के निवासियों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर टीम बीकाजी फैक्ट्री के पीछे मौके पर पहुंची। वहां एक युवक हाथ में बंदूक और हॉकी स्टिक लिए दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। मौके की जांच के दौरान जमीन से कारतूस के चार खाली खोल भी बरामद किए गए। आरोपी की पहचान गिरफ्तार युवक की पहचान अशोक कुमार (36) निवासी हम्मीरवास, जिला चूरू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर डबल बैरल बंदूक और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। दोस्त की निकली बंदूक, लाइसेंस नहीं प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने हवाई फायरिंग करने की बात स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि जब्त की गई बंदूक उसके दोस्त विनोद कुमार की है और इसका कोई वैध लाइसेंस नहीं है। पुलिस अब विनोद कुमार की भूमिका की भी जांच कर रही है। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कैसे पहुंचा और क्या इस घटना में अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस की अपील पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की हर्ष फायरिंग या अवैध हथियारों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कंटेंट : अलंकार गोस्वामी, बीकानेर