बीकानेर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर समाप्त होते ही गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले दो दिनों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे दिन के समय गर्मी का एहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अप्रैल को बीकानेर का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो 9 अप्रैल को बढ़कर 32.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस प्रकार दो दिनों में ही अधिकतम तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान में भी इसी प्रकार की वृद्धि दर्ज की गई है। बारिश की संभावना नहीं, मौसम रहेगा शुष्क मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बीकानेर में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। शहर सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, बीकानेर संभाग में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 36 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे यह 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिससे रात के समय गर्मी में ज्यादा इजाफा नहीं होगा। आमजन को सतर्क रहने की सलाह तापमान में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।