चूरू में सिरसा से सालासर बालाजी के दर्शन के लिए बाइक पर जा रहे 2 युवक रविवार सुबह NH-52 पर हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें ढाढ़र टोल एम्बुलेंस की मदद से चूरू के डीबी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने घायल युवकों का इलाज किया। घायलों की पहचान सिरसा के वार्ड आठ, खेरपुर निवासी 18 वर्षीय जेशन पंजाबी और प्रदीप के रूप में हुई है। जेसन पंजाबी ने बताया कि वे 6 दोस्त 3 बाइकों पर सालासर जा रहे थे। ढाढ़र टोल से आगे राजगढ़ की तरफ एक बाइक में तकनीकी खराबी आ गई थी। खराब हुई बाइक को सर्विस सेंटर तक ले जाने के लिए जेशन और प्रदीप एक अन्य बाइक पर बैठकर उसे पैर से धक्का लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक सड़क पर गिर गए। जेशन के दोनों पैरों और हाथों में चोटें आईं, जबकि प्रदीप के केवल हाथ में चोट लगी। घायल प्रदीप ने बताया कि वे सुबह पांच बजे सिरसा से चले थे। हादसे के कारण अब वे सालासर नहीं जाएंगे और सीधे सिरसा लौटेंगे। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।