बूंदी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती सप्ताह के तहत युवा परिचर्चा, प्रेरक संवाद और शिक्षात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नैनवां रोड स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में आयोजित हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा थे, जबकि अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल ने की। बूंदी खेलकूद विकास समिति के अध्यक्ष शक्ति तोषनीवाल और रामेष्ट युवा मंडल के सचिव रोहन गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता भाजपा जिला महामंत्री संजय लाठी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना और अखंड भारत के संकल्प का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर अपने ज्ञान, ऊर्जा और प्रतिभा को समाज निर्माण में लगाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि रामेश्वर मीणा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संघर्ष भारत की एकता और अखंडता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि यदि आज का युवा उनके आदर्शों को अपनाकर आगे बढ़े, तो विकसित भारत के निर्माण का संकल्प और अधिक मजबूत होगा। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 'माय भारत' युवाओं को सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक प्रभावी मंच बन गया है। उन्होंने प्रत्येक युवा से इससे जुड़कर सकारात्मक परिवर्तन का हिस्सा बनने का आग्रह किया। आयोजन प्रभारी गोविंद प्रजापत ने जानकारी दी कि जयंती के उपलक्ष्य में शिक्षात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के विजेता हर्षित कुमार, रवि मेघवाल, अंकित कुमार, योगेश्वरी प्रजापत और मोहित मीना को अतिथियों द्वारा सम्मान प्रतीक देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर नैतिक शर्मा, रूपेश राजोरिया, शिवराज प्रजापत, नीलेश सहित बड़ी संख्या में युवा और संस्थान के सदस्य मौजूद रहे।