बूंदी कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में अहम समीक्षा बैठक लेते हुए ग्राम रथ अभियान, समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज खरीद व्यवस्था और भीषण गर्मी के बीच पेयजल आपूर्ति को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम रथ अभियान को सफल बनाने के लिए 13 विभागों में बेहतर समन्वय, खराब हैंडपंपों की मिशन मोड में मरम्मत, जरूरतमंद क्षेत्रों में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने और खरीद केंद्रों पर बारदाने व समय पर उठाव सुनिश्चित करने के आदेश दिए। ग्राम रथ अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर जिला कलेक्टर ने ग्राम रथ अभियान से जुड़े 13 विभागों के अधिकारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में ग्राम रथ पहुंच रहे हैं, वहां ग्रामीणों के लिए छाया, पीने के पानी और बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोग आसानी से कार्यक्रमों में भाग ले सकें। नुक्कड़ नाटकों से योजनाओं की जानकारी उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम रथों के साथ जा रहे कला जत्थों के कलाकार स्थानीय भाषा में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करें, जिससे ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से मिल सके। इसके साथ ही शाम के समय आयोजित होने वाली संध्या चौपाल में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
भीषण गर्मी पर प्रशासन अलर्ट गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला कलेक्टर ने खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत मिशन मोड पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पानी की कमी है, वहां मांग के अनुसार टैंकरों से पेयजल आपूर्ति तुरंत सुनिश्चित की जाए। अस्पतालों में लू से बचाव की तैयारी कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग को अस्पतालों में साफ-सफाई बनाए रखने, लू और तापघात के मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाइयां और ओआरएस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी उपखंड अधिकारियों को हर सप्ताह चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण करने को कहा गया है। खरीद केंद्रों पर रहेगी सख्त निगरानी बैठक में समर्थन मूल्य पर किसानों की जिंस खरीद व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित खरीद केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और वहां की व्यवस्थाएं जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खरीद केंद्रों पर बारदाने की कमी नहीं होनी चाहिए और किसानों की उपज का उठाव समय पर किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों से शिष्टाचार भेंट रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिला कलेक्टर एवं सोसाइटी के अध्यक्ष हरफूल सिंह यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को सोसाइटी द्वारा संचालित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
पदाधिकारियों ने विशेष रूप से 'क्षुधा शांति प्रकल्प' के बारे में बताया, जिसके तहत गरीब और जरूरतमंदों के लिए सायंकालीन भोजन की व्यवस्था की जाती है। इसके अतिरिक्त, रियायती दरों पर संचालित लैबोरेट्री और एक उच्च माध्यमिक विद्यालय की दीवार पर करवाए गए सौंदर्यीकरण कार्य की भी जानकारी दी गई।
इस भेंट के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन राजेंद्र रावका, सचिव अशोक विजय, कोषाध्यक्ष ध्रुव व्यास, तथा कार्यकारिणी सदस्य पुरुषोत्तम पारीक, त्रिलोक चंद जैन और ओम प्रकाश जैन मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने सोसाइटी के इन कार्यों की सराहना की। उन्होंने 'क्षुधा शांति प्रकल्प', रियायती लैब सेवाओं और सौंदर्यीकरण पहल की विशेष तौर पर प्रशंसा की।
कलेक्टर ने रेडक्रॉस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सोसाइटी इसी तरह पूरे समर्पण और सेवाभाव के साथ जनहित के कार्य करती रहे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इससे समाज के वंचित और जरूरतमंद तबके को अधिक से अधिक राहत मिल सकेगी।