बूंदी में युवाओं को रोजगार, इंटर्नशिप और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 'युवा संबल मेला 2026' का आयोजन किया गया। उप-क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, आईटीआई, राजकीय महाविद्यालय और सहयोगी संस्थानों ने मिलकर इस मेले का आयोजन किया। इसमें 536 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 24 को मौके पर ही रोजगार मिला। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव, बीजेपी जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा और जिला महामंत्री संजय लाठी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंच संचालन चिकित्सा विभाग के जिला सांख्यिकी अधिकारी सत्यवान शर्मा ने किया। इस दौरान कलेक्टर यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बूंदी में इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति को सकारात्मक बताया। कलेक्टर ने युवाओं से जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने का आग्रह किया, जिसके माध्यम से सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने जिला कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8239537974 और लैंडलाइन नंबर 07472442305 का भी उल्लेख किया, जो 'आहत को राहत' सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में त्वरित सहायता प्रदान करते हैं। मेले में श्रम विभाग, जिला उद्योग केंद्र, बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (RSETI), जिला अग्रणी बैंक, वन विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, iStart और RSLDC सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जानकारी दी। आईटीआई बूंदी द्वारा क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।