बूंदी पुलिस ने हिंडोली थाना क्षेत्र में 307 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया। यह डोडा चूरा एक बिना नंबर की फॉर्च्यूनर गाड़ी से तस्करी किया जा रहा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। गाड़ी से पांच अलग-अलग नंबर प्लेटें और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई हुई। हिंडोली डिप्टी अजीत मेघवंशी के सुपरविजन में एएसआई इंद्र कुमार और उनकी टीम 2 मई 2026 की रात को NH-52 पर मंशीपूर्ण गणेश मंदिर के पास बासनी में एक दुर्घटना की सूचना पर पहुंची थी। मौके पर देवली से हिंडोली की तरफ आने वाली सड़क पर एक सफेद रंग की बिना नंबर की फॉर्च्यूनर गाड़ी मिली। पुलिस ने गाड़ी की जांच की, लेकिन उसमें कोई घायल व्यक्ति नहीं मिला। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें काले रंग के 17 प्लास्टिक के कट्टे भरे हुए पाए गए। कट्टों को खोलने पर उनमें डोडा चूरा भरा हुआ मिला। वजन करने पर कुल 307 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद अवैध मादक पदार्थ और बिना नंबर की फॉर्च्यूनर गाड़ी को जब्त कर लिया गया। अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश आसपास के क्षेत्र में की गई। हिंडोली थाने में प्रकरण संख्या 190/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज किया गया है। जांच बसोली थानाधिकारी हेमराज मीणा को सौंपी गई है। डोडा चूरा के परिवहन, खरीद-फरोख्त और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक इंद्र कुमार, कॉन्स्टेबल सुरेश नाथ, कॉन्स्टेबल रमेशसिंह, रेखाराम, रामनारायण और ड्राइवर दिनेश शामिल थे।