बूंदी जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र के ठीकरी कला गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पारिवारिक विवाद में कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर हमला उसे मार डाला। इसके बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है। मामला मंगलवार रात करीब 11.30 बजे का है। ठीकरी कला गांव निवासी हेमराज और उसकी पत्नी रामीबाई (40) में पिछले 2 दिन से लगातार पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी दौरान रात को यह विवाद हिंसक हो गया। आरोपी मौके से हुआ फरार इस दौरान आरोपी पति हेमराज ने कुल्हाड़ी से पत्नी रामीबाई पर सिर और गर्दन पर वार कर दिए। इसके बाद हेमराज मौके से फरार हो गया। इधर गंभीर रूप से घायल रामीबाई को परिजनों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से तालेड़ा अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की 3 बेटियां है। FSL टीम को मौके पर बुलाया सूचना मिलने के बाद तालेड़ा डीएसपी राजेश टेलर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। 'मृतका के बच्चों से मिली अहम जानकारी' तालेड़ा डीएसपी राजेश टेलर ने बताया कि पुलिस को मृतका के बच्चों से भी अहम जानकारी मिली है, जिसके आधार पर हेमराज को संदिग्ध माना जा रहा है। घटना के तुरंत बाद से ही आरोपी हेमराज फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस के लिए उसकी लोकेशन ट्रेस करना चुनौती बनी हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। एक ही घर में अलग-अलग रहते थे पति-पत्नी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पति और पत्नी में 2 साल से अनबन चल रही थी। इस कारण दोनों में बार-बार झगड़ा होता था। यहां तक कि एक ही घर में पति-पत्नी अलग-अलग रहते थे। अलग ही खाना बनाते थे। दोनों बेटियां मां के पास रहती थी। घटना वाले दिन 28 अप्रैल को रामीबाई की छोटी बहन भी उसके घर आई हुई थी और घटना के समय वो रामीबाई के पास ही सो रही थी। हेमराज ने जब रामीबाई पर हमला किया और फरार हो गया, तो सबसे पहले मृतका की बहन ने रामीबाई की बड़ी बेटी को इस घटना की जानकारी दी। बेटी ने ही पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद एम्बुलेंस की सहायता से शव को अस्पताल पहुंचाया गया। बेटी ने परिवार पर उकसाने का आरोप लगाया हेमराज और रामीबाई की बेटी आरती मेघवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके ताऊ रमेश, जगदीश, ताई लाडबाई, चन्द्रकला, ताऊ के बेटे देवराज, रामपाल, दादा उगाशंकर और दादी भूली बाई ने साजिश रचकर उसके पिता को उकसाया था। इसी उकसावे के कारण उसके पिता ने उसकी मां की हत्या कर दी। आरती के अनुसार उसकी मां रामीबाई की शादी 23 साल पहले हुई थी। बचपन से ही उसने देखा कि उसकी मां को बेटा नहीं होने के कारण उसके पिता और पूरा परिवार उससे नफरत करता था। उसके पिता आए दिन छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। पिछले 2 साल से उसके पिता ताऊ रमेश और जगदीश के साथ रह रहे थे। वे उसकी मां को राशन का सामान भी नहीं देते थे। जब कभी उसके पिता घर आते थे, तो वे उसकी मां के साथ मारपीट करते थे।