बूंदी जिले के नैनवां रोड पर एक पान विक्रेता पर चाकू से हमला करने के आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह प्रशासन ने आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह घटना कुछ दिन पहले हुई थी। आरोपियों ने नैनवां रोड पर पान की केबिन चलाने वाले युवक बहादुर मीणा से सिगरेट मांगी थी। सिगरेट देने से इनकार करने पर आरोपियों ने बहादुर मीणा पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अवैध निर्माण पर की कार्रवाई घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर मौका मुआयना करवाया और उनकी परेड भी निकलवाई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध निर्माण कर रह रहे थे। इसके बाद प्रशासन ने इन मकानों को चिह्नित किया और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। सोमवार को जेसीबी और बुलडोजर के साथ प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई को लोगों ने सराहा देखते ही देखते लाखों रुपए की लागत से बने ये मकान जमींदोज हो गए। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बुलडोजर की कार्रवाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई की आम जनता और स्थानीय निवासियों ने सराहना की। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में डर पैदा होगा और आम आदमी सुरक्षित महसूस करेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी बोले- अवैध रूप से बने मकान तोड़े इस कार्रवाई को लेकर एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि नैनवां रोड पर पान विक्रेता बहादुर मीणा पर चाकूबाजी करने के आरोपी रवि भट्ट और विशाल के मकानों को ध्वस्त किया गया है। ये मकान वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे। इनके खिलाफ पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। विरोध करने वालों को हिरासत में लिया इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी अविनाश जोशी, थानाधिकारी रमेश आर्य, दिनेश शर्मा, भंवर सिंह सहित 50 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजनों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। एसपी शर्मा ने साफ किया कि आगे भी जिले में हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और अवैध संपत्ति रखने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अपराध और कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।